भगवानपुर संवाददाता। खेड़ी शिकोहपुर गांव में एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। लड़की के पिता ने गांव के ही एक युवक पर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण भगवानपुर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
काफी तलाश के बाद भी नहीं लगा बेटी का सुराग
पुलिस के अनुसार, खेड़ी शिकोहपुर निवासी सुक्कड़ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी घर से लापता हो गई है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने गांव के ही अंकुश के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अंकुश निवासी खेड़ी शिकोहपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर धरने पर बैठे ग्रामीण
मामले की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एकत्र होकर भगवानपुर थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे रहे।
कई पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
उपनिरीक्षक आशीष नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग की तलाश और मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।





