भगवानपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से भगवानपुर पुलिस ने रविवार को कस्बे के मुख्य बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आमजन और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें क्षेत्राधिकारी भगवानपुर स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई), समस्त चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल ने प्रतिभाग किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन एवं व्यापारियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंग मचाने, अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भगवानपुर पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना, व्यापारियों में विश्वास कायम करना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
त्योहारों को लेकर भगवानपुर पुलिस अलर्ट, मुख्य बाजार में निकाला फ्लैग मार्च सीओ भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस बल ने किया मार्च, असामाजिक तत्वों को दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी





