भगवानपुर । ईद उल अजहा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार ने कोतवाली भगवानपुर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों एवं ईदगाहों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है तथा सभी लोग मिलजुल कर शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाएं। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।





