भगवानपुर। पुराने विवाद को लेकर देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फायरिंग की घटना में 23 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवानपुर की प्रताप कॉलोनी निवासी लकी उर्फ रोहित और राहुल शर्मा पुत्र अनिल शर्मा का आदित्य उर्फ आदि पुत्र रविन्द्र राणा निवासी नंबरदार वाली गली, भगवानपुर तथा उसके साथियों से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि देर रात दोनों पक्षों का शराब के नशे में आमना-सामना हुआ। आरोप है कि शराब के ठेके के सामने दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद लकी उर्फ रोहित ने अपने भाई राहुल और पिता अनिल शर्मा को घटना की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, बाद में आदित्य को बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के लिए घर बुलाया गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आदित्य को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक पर भी फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है, जिसने मौके से भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी आदित्य के परिजनों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों, फायरिंग और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। वारदात के बाद से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बताया जा रहा है.
पुराने विवाद को लेकर भिड़े दो पक्ष, 23 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत भगवानपुर में देर रात हुई वारदात से इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी





