48 घंटे में आदित्य राणा हत्याकांड का खुलासा विवाद के बाद घर बुलाकर हत्या का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार।

भगवानपुर। कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र में हुई आदित्य उर्फ आदि राणा की हत्या के मामले में हरिद्वार पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को सागर पुत्र रविन्द्र राणा निवासी भगवानपुर ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अनिल शर्मा, उसके पुत्र राहुल शर्मा तथा रोहित शर्मा उर्फ लक्की ने आदित्य उर्फ आदि राणा को अपने घर बुलाकर देशी तमंचे से फायर कर उसकी हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली भगवानपुर में मु0अ0सं0 410/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवाद के निस्तारण के बहाने बुलाने का आरोप
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार विवाद को निपटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने आदित्य को अपने घर बुलाया, जहां कथित रूप से एक राय होकर घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर ने चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
टोल प्लाजा के पास से तीनों हिरासत में
पुलिस के अनुसार लगातार किए गए प्रयास, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर 3 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को इमली रोड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मामले में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए आरोपी
अनिल शर्मा पुत्र रामपाल
राहुल शर्मा पुत्र अनिल शर्मा
रोहित शर्मा उर्फ लक्की पुत्र अनिल शर्मा
तीनों निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर, जनपद हरिद्वार बताए गए हैं।
पुलिस टीम मे प्रभारी निरीक्षक रितेश साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक मुकेश दत्त नौटियाल, उपनिरीक्षक बलराम जोशी, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल विपिन शर्मा, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार एवं कांस्टेबल सुशील तोमर पुलिस टीम में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड वाणी24x7 चैनल में आपका स्वागत है खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करे:-+91 9761496669