हरिद्वार। अवैध खनन के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्येवाही करते हुए शासन ने 14 स्टोन क्रशरों पर अनियमितताएं मिलने के बाद उन्हें सीज कर दिया। साथ ही, 10 करोड़ रुपये से अधिक के अर्थदंड भी इन क्रशरों पर लगाया है।
हरिद्वार में अवैध खनन और मानकों के विरुद्ध संचालित स्टोन क्रशरों पर भी न्यायालय के संज्ञान व दखल के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 60 से अधिक स्टोन क्रशरों को सीज किया था।
उसके बाद भी अन्य स्टोन क्रशरों पर अवैध खनन का आरोप लगता रहा है। अभी हाल में अवैध खनन की शिकायत पर इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।

अवैध खनन और भंडारण की मिल रही शिकायतों के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने कार्रवाई करते हुए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, देहरादून के नेतृत्व में लक्सर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान लक्सर क्षेत्र के ग्राम फतवा, महतोली, मुजफ्फरपुर गुर्जर, नेहटपुर, जवाहरखान उर्फ जीवरेड़ी, हरिद्वार तहसील क्षेत्र के बाडीटीप भोगपुर क्षेत्र में संचालित 14 स्टोन क्रशरों का निरीक्षण किया।
इनमें 11 क्रशर लक्सर तहसील और तीन क्रशर हरिद्वार तहसील के हैं। जांच में इन क्रशरों में नियमों की अनदेखी और गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
प्रवर्तन दल ने खनन नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्टोन क्रशरों को अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण नियमावली के तहत सीज कर दिया।
साथ ही, ई-रवन्ना पोर्टल को अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इन स्टोन क्रशरों पर 10 करोड़ रुपये से अधिक का अर्थदंड लगाया गया।



