खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 15 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

हरिद्वार। रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन टीमों ने बुधवार को जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों समेत कुल 15 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में डेसो चौक, सिडकुल और शिवालिक नगर क्षेत्र में मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। यहां बंगाली रसगुल्ला, सादा घेवर, मलाई घेवर, गुलाब जामुन और सफेद रसगुल्ले सहित छह नमूने लिए गए। खाद्य लाइसेंस में दर्ज गतिविधियों के विपरीत मिठाई निर्माण व बिक्री, खाद्य पदार्थों को जमीन पर रखने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की क्षेत्र में मिठाई दुकानों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के दो तथा पनीर का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर तीन खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा की टीम ने कनखल, जगजीतपुर और रानीपुर मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई की। कनखल से पनीर, जगजीतपुर से खुले दूध और मावे तथा रानीपुर मोड़ स्थित पिज्जा प्रतिष्ठान से खाद्य तेल का नमूना लिया गया। इसके अलावा रानीपुर मोड़ स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान से काजू कतली और मलाई बर्फी के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
जगजीतपुर में एक मिठाई की दुकान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिली। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिठाई एवं चटनी का संग्रह पाए जाने पर न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गई। मौके पर करीब 10 किलोग्राम मिठाई एवं चटनी नष्ट कराई गई।
इसी क्षेत्र में एक मार्ट के खिलाफ बिना खाद्य लाइसेंस संचालन तथा एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री के मामले में चालानी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड वाणी24x7 चैनल में आपका स्वागत है खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करे:-+91 9761496669