मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने 13 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके पिता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता को शक था कि उसकी बेटी किसी से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस गंगनहर में शव की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया की 21 अगस्त को मंगलौर निवासी महिला ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के घर से जाने और वापस न लौटने के संबंध में धनेश्वर उर्फ तोता तथा आशीष उर्फ धोल्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में बेटी की मां द्वारा उसके पिता पर ही हत्या का आरोप लगाए जाने से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई थी।
जांच में जुटी पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पिता धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम तथा उसका साथी आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट, मंगलौर शामिल हैं।
कमीज से गला घोंटकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि धनेश्वर को अपनी बेटी के किसी से बातचीत करने का शक था। आरोप है कि 27 जुलाई को वह अपने साथी आशीष के साथ मोटरसाइकिल से किशोरी को माता मंदिर के पास पुल पर ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। गंगनहर में किशोरी के शव की तलाश के प्रयास जारी हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी धनेश्वर के खिलाफ मंगलौर व रुड़की कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, उपनिरीक्षक आनंद मेहरा तथा कांस्टेबल पंकज, सुधीर और मोहम्मद अजीज शामिल रहे।





